धार जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और धार विधानसभा के पूर्व विधायक रहे स्वर्गीय मोहन सिंह बुंदेला की सातवीं पुण्यतिथि शुक्रवार को बुंदेला जी के बगीचे में स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
धार@साबिर खान fm
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके सिद्धांतों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय मोहन सिंह बुंदेला को धार जिले में सहकारिता आंदोलन का जनक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष के रूप में की थी। इस दौरान उन्होंने सहकारी क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और सराहनीय कार्य किए। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में युवाओं को सहकारिता से जोड़ा गया, जिससे जिले में सहकारी संस्थाओं का विस्तार हुआ और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।
बाद में वे धार विधानसभा से विधायक चुने गए। उस दौर की राजनीति में वे प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में स्व. बुंदेला ने क्षेत्र के विकास के लिए कई जनहितकारी कार्यों को आगे बढ़ाया।
पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान उनके पुत्र कुलदीप सिंह बुंदेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनके अधूरे कार्यों और विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. बुंदेला का जीवन सामाजिक सेवा, सहकारिता और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा है, जिसे आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर कुलदीप सिंह डंग, विष्णु राठौर, धीरेन डाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्व. मोहन सिंह बुंदेला के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


































