धार केंद्रीय केंद्रीय राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास एवं लोकप्रिय श्रीमती सावित्री ठाकुर के अथक प्रयासों से आदिवासी अंचल के लिए सर्वाधिक 162 नवीन आंगनवाड़ियां स्वीकृत की गई..
धार@साबिर खान fm
धार जिले के आदिवासी अंचल के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। केंद्रीय राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास एवं धार की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर के प्रयासों से जिले में 162 नवीन आंगनवाड़ी केंद्रों को स्वीकृति मिली है। यह स्वीकृति प्रदेश में सर्वाधिक मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र के बच्चों के पोषण और शिक्षा स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से आदिवासी क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केंद्रों की कमी और जर्जर भवनों की समस्या बनी हुई थी। कई स्थानों पर आंगनवाड़ी केंद्र कच्चे मकानों में संचालित हो रहे थे, जहां बारिश के दौरान छत टपकने, दीवारों में सीलन और असुविधाओं के कारण बच्चों और कार्यकर्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
नई आंगनवाड़ियों के निर्माण से न केवल बच्चों के लिए सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा, बल्कि मध्यान भोजन व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी। साथ ही बच्चों का आंगनवाड़ी के प्रति आकर्षण बढ़ेगा और उनके सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी।
बताया जा रहा है कि केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर स्वयं आदिवासी अंचल के गांवों की स्थितियों से भली-भांति परिचित हैं और उन्होंने जमीनी स्तर पर इन समस्याओं को देखा है। इसी के चलते लंबे समय से क्षेत्र में नई आंगनवाड़ियों की मांग की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
हालांकि, आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण में प्रशासन के सामने एक बड़ी चुनौती भी है। ग्रामीण क्षेत्रों की कई पंचायतों में शासकीय जमीन का अभाव है, और जहां जमीन उपलब्ध है, वह गांव से दूर स्थित है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर शासकीय जमीन पर अतिक्रमण की समस्या भी सामने आ रही है।
ऐसे में प्रशासन के लिए जमीन उपलब्ध कराना और निर्माण कार्य शुरू करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य होगा। अब देखना होगा कि स्वीकृति के बाद इन आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण कब तक पूरा हो पाता है और इसका लाभ क्षेत्र के बच्चों तक कब तक पहुंचता है।


































