दमोह में विवाद के बाद अंडा दुकान संचालक की आत्महत्या, शराब दुकान कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप, आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर किया चक्का जाम…
दमोह/टीम भारतीय न्यूज़
दमोह जिले के रनेह थाना क्षेत्र में अंडे की दुकान चलाने वाले एक युवक की गुरुवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या करने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों ने शव को रनेह कस्बे में सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। आक्रोशित परिजन शराब दुकान के कर्मचारियों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
मृतक की पहचान राजकुमार पिता टेकचंद राय (45 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के भाई योगेश राय ने आरोप लगाया कि गुरुवार रात राजकुमार अपनी अंडे की दुकान पर बैठे थे, तभी उनके कुछ परिचितों को शराब दुकान कर्मचारियों द्वारा तय दर से अधिक कीमत पर शराब बेची गई। आरोप है कि 500 रुपये की बोतल 700 रुपये में बेची गई। इसका विरोध करने पर राजकुमार शराब दुकान पहुंचे, जहां कर्मचारियों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
परिजनों के अनुसार, मारपीट की घटना के बाद राजकुमार घर लौटे और पत्नी को पूरी बात बताई। पत्नी जब खाना परोसने रसोई में गई, उसी दौरान राजकुमार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए हटा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपे जाने पर परिजन और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर रनेह थाना प्रभारी चंदन सिंह निरंजन पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिजनों की मांग है कि शराब दुकान संचालक सहित संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए, साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक मुआवजा और बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी प्रशासन द्वारा ली जाए। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहकर लोगों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।


































