डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से धार-अलीराजपुर के 126 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ, 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि होगी सिंचित : केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर…
धार@अमीन खान
जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक जिले में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जनजातीय महापुरुषों के योगदान, गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगूभाई पटेल धार जिले के कुक्षी क्षेत्र के डही पहुंचेंगे। यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जिले को बड़ी सौगात मिलने की बात भी केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कही।
गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय धार में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने जनजातीय गौरव सप्ताह की जानकारी दी। इस दौरान अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र सिंह बघेल, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत नीलेश भारती, धार विधायक नीना वर्मा, अजजा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जयराम गावर, अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनील वसुनिया एवं लालसिंह बर्मन सहित जिला पदाधिकारी मोहन पटेल उपस्थित रहे।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना को क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि 1,353.18 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना से धार और अलीराजपुर जिले के 126 गांवों के करीब 1.26 लाख किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना के माध्यम से लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। इससे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को खेती के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष में धार एवं बदनावर क्षेत्र तक भी नर्मदा का पानी पहुंचने से कृषि क्षेत्र को नई सुविधा मिलेगी।
सावित्री ठाकुर ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन किया। उनका अदम्य साहस, त्याग और बलिदान आज भी स्वाभिमान, सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने जनजातीय अस्मिता की रक्षा और देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास देश की अमूल्य धरोहर है और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी का दायित्व है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। इसी क्रम में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत संगठन, समाज और सरकार की सहभागिता से विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्ज्वलन और युवाओं से संवाद के होंगे कार्यक्रम..
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र सिंह बघेल ने कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 12 और 13 नवंबर को जिलों में बैठकें आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से सीधा संवाद एवं संपर्क अभियान आयोजित होगा। वहीं, 18 से 20 नवंबर तक जनजातीय जनप्रतिनिधियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा जनजातीय गौरव चौपालों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार की ओर से 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार जिले के डही और 16 नवंबर को खंडवा में बड़े आयोजन प्रस्तावित हैं। 15 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगूभाई पटेल डही पहुंचेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष महंत नीलेश भारती ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाना है।






























