सिवनी वायरल वीडियो प्रकरण में मध्यप्रदेश सरकार की बड़ी कार्रवाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर ASP, SDOP सहित 6 पुलिसकर्मी तत्काल प्रभाव से निलंबित। मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई।
भोपाल@साबिर खान fm
मध्यप्रदेश के सिवनी में वायरल वीडियो प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद एएसपी (ASP), एसडीओपी (SDOP) सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सिवनी के वायरल वीडियो प्रकरण में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।
दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई…
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से मर्यादा, जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सिवनी वायरल वीडियो प्रकरण में एएसपी और एसडीओपी स्तर के अधिकारियों सहित 6 पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद अब पूरे मामले की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।






























