धार-महू सांसद एवं केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने नई दिल्ली में रखीं तीन अहम रेल मांगें, रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के प्रतिदिन संचालन और प्रतापनगर-जोबट पैसेंजर ट्रेन को टांडा रोड तक बढ़ाने का किया आग्रह।
धार@अमीन खान
धार जिले में यात्री ट्रेन के संचालन का वर्षों पुराना इंतजार अब जल्द खत्म होने की उम्मीद है। धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर टीही-धार रेल मार्ग के शीघ्र लोकार्पण और धार से पहली यात्री रेल सेवा शुरू करने का आग्रह किया है। इस दौरान उन्होंने रेल मंत्री को धार आकर रेल मार्ग का लोकार्पण करने और प्रथम यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए आमंत्रित भी किया।
सांसद सावित्री ठाकुर ने मुलाकात के दौरान धार-महू लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और विशेष रूप से आदिवासी अंचलों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
आजादी के बाद पहली बार धार में शुरू होगी यात्री रेल सेवा!
सांसद सावित्री ठाकुर ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि टीही-धार रेल मार्ग का शीघ्र लोकार्पण कर धार में पहली यात्री रेल सेवा प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार धार की धरती पर यात्री रेल का संचालन शुरू होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।
यात्री रेल सेवा शुरू होने से धार जिले के नागरिकों के साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों, श्रमिकों और आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
रीवा-इंदौर एक्सप्रेस के समय में बदलाव और प्रतिदिन संचालन की मांग..
सांसद ने रेल मंत्री के सामने दूसरी महत्वपूर्ण मांग रीवा-इंदौर/डॉ. अंबेडकर नगर (महू) एक्सप्रेस ट्रेन को लेकर रखी। उन्होंने गाड़ी संख्या 11703 के समय में परिवर्तन करने के साथ इसका प्रतिदिन संचालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक रेल सेवा मिल सके।
जोबट पैसेंजर ट्रेन को टांडा रोड तक बढ़ाने का आग्रह…
इसके अलावा प्रतापनगर-जोबट पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी संख्या 59123/59124) का विस्तार टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक किए जाने की मांग भी उठाई। इस विस्तार से क्षेत्र के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के लोगों को रेल सुविधा का अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्री ने दिया सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन..
सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के दूरस्थ, जनजातीय और आदिवासी अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए रेल अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। धार-महू लोकसभा क्षेत्र में भी रेल सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा रखे गए सभी विषयों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि टीही-धार रेल मार्ग का लोकार्पण जल्द होगा और धार की धरती पर पहली यात्री ट्रेन दौड़ने का वर्षों पुराना सपना साकार हो सकेगा।






























