धार में अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई, मानपुर फोरलेन पर खैर से भरी पिकअप जब्त, चालक फरार..
धार@अमीन खान
मध्यप्रदेश के धार जिले में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। वन विभाग की टीम को देखकर वाहन चालक मौके पर ही पिकअप छोड़कर फरार हो गया। विभाग ने वाहन जब्त कर वन अधिनियम एवं परिवहन नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 9 नवंबर 2026 को वन मंडल धार की टीम द्वारा नियमित गश्त के दौरान की गई। वन मंडल अधिकारी विजयानंतम टी.आर. एवं उप वन मंडल अधिकारी के मार्गदर्शन में वन विभाग का अमला क्षेत्र में गश्त कर रहा था।
इसी दौरान मानपुर फोरलेन पर बग्गड़ के पास वाहनों की जांच करते समय मध्यप्रदेश पंजीयन क्रमांक MP13-ZZ-4463 वाला एक सफेद रंग का पिकअप वाहन संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। वन विभाग की टीम को देखकर वाहन चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें देशी प्रजाति की खैर की लकड़ी भरी हुई पाई गई। टीम ने लकड़ी सहित पिकअप वाहन को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय धार पहुंचाया।
वन विभाग द्वारा इस मामले में मध्यप्रदेश अभिवहन वनोपज परिवहन नियम, 2022 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। विभाग द्वारा लकड़ी के परिवहन से संबंधित जानकारी और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में वन विभाग के मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग द्वारा अवैध वनोपज परिवहन के विरुद्ध गश्त एवं कार्रवाई जारी रखी जा रही है।






























