शहीद TI दिलीप पुरी हत्याकांड: राहुल जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस पर भाजपा का हमला, जीतू पटवारी को लेकर उठाए सवाल…
धार@साबिर खान fm
देवास जिले के खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी राहुल जायसवाल का नाम इस मामले में सामने आने और पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस से जुड़े पदाधिकारी पर गंभीर आपराधिक आरोप सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शहीद टीआई दिलीप पुरी के गृह ग्राम बरमंडल पहुंचकर उनके परिवार से संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने इसे कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए राजनीतिक संवेदना का दिखावा करार दिया। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिस अधिकारी के परिवार के प्रति सच्ची संवेदना तभी साबित होगी, जब उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की मांग की जाएगी।
उन्होंने मांग की कि इस हत्याकांड में गिरफ्तार कांग्रेस नेता के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा ने सवाल उठाया कि शहीद पुलिस अधिकारी के सम्मान और न्याय की बात करने वाली कांग्रेस अपने ही पदाधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर क्या जवाब देगी?
फिलहाल इस मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।
नोट: यह खबर भाजपा जिला अध्यक्ष के बयान और आरोपों पर आधारित है। संबंधित आरोपों को पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन समझा जाना चाहिए।






























