धार आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कलेक्टर को लिखा पत्र..
धार@साबिर खान fm
धार शहर के निर्माणाधीन आधुनिक बस स्टैंड का काम जल्द पूरा कराने की मांग उठी है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इस संबंध में धार कलेक्टर को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि धार शहर के व्यापारियों, बस ऑपरेटरों और नागरिकों ने आवेदन प्रस्तुत कर आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा होने के कारण हो रही परेशानियों से अवगत कराया है।
पत्र के अनुसार, बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से यात्रियों, बस ऑपरेटरों, छोटे दुकानदारों और आम नागरिकों को विभिन्न असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और छोटे व्यवसायियों की आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इन समस्याओं को देखते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने धार कलेक्टर से आवश्यक राशि और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए आधुनिक बस स्टैंड का शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के लिए नियमानुसार उचित कार्रवाई करने को कहा है।
अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से इस संबंध में क्या कदम उठाए जाते हैं और धार शहर के आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य कब तक पूरा हो पाता है।






























