किताब से कल तक’ कार्यक्रम में छात्राओं से किया संवाद, बोले- AI का उपयोग करें, लेकिन अपना दिमाग और तथ्यों की जांच जरूर करें…
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल के कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में आयोजित ‘किताब से कल तक’ कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों से संवाद किया। कार्यक्रम की सबसे खास बात रही स्कूल की छात्राओं द्वारा संचालित स्टूडेंट कैबिनेट, जिसने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं की कैबिनेट को मंच पर अपने साथ बैठाकर उनके कार्यों की जानकारी ली और उनकी कार्यप्रणाली की सराहना की।
संवाद के दौरान छात्राओं ने खेल, संस्कृति, अनुशासन और विद्यालय प्रबंधन में अपनी जिम्मेदारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने का यह तरीका बेहद प्रेरणादायक है और इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
कार्यक्रम में एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या वे चैटजीपीटी और अन्य AI टूल्स का उपयोग करते हैं। इस पर डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वे किसी कार्यक्रम या विषय की नई जानकारियां जुटाने के लिए AI का उपयोग करते हैं, लेकिन AI को अंतिम सत्य नहीं मानना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि AI का इस्तेमाल करें, लेकिन अपनी सोच का भी उपयोग करें और तथ्यों को हमेशा क्रॉस-चेक करें।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन करने, खेलों में भाग लेने और अनुशासित दिनचर्या अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई केवल परीक्षा पास करने के लिए नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए भी जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद करने का संदेश भी दिया और कहा कि मानवता सबसे बड़ा धर्म है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से भी संवाद करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें कृषि, विज्ञान, सेना, राजनीति, उद्यमिता और नई तकनीकों के प्रति भी प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि आज के दौर में आधुनिक तकनीक को अपनाना जरूरी है, लेकिन विवेक और संस्कार हमेशा सर्वोपरि होने चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय की उपलब्धियों की भी जानकारी दी गई। वर्ष 1958 में स्थापित यह विद्यालय आज सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित हो चुका है, जहां 1800 से अधिक छात्राएं आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।






























