धार पीजी कॉलेज में सात दिवसीय स्पोकन इंग्लिश प्रोग्राम शुरू, 100 छात्र-छात्राओं को मिलेगा प्रशिक्षण..
धार@साबिर खान fm
धार। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार पीएम उषा (PM-USHA) के तहत धार के महाराजा भोज गवर्नमेंट पीजी कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में सात दिवसीय स्पोकन इंग्लिश प्रोग्राम शुरू किया गया है। यह कार्यक्रम 22 सितंबर से 28 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति समझ और संवाद कौशल को बेहतर बनाने पर जोर देना है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी भाषा और बेहतर कम्युनिकेशन के महत्व की जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि प्रभावी संवाद कौशल शिक्षा के साथ-साथ भविष्य के विभिन्न अवसरों में भी उपयोगी हो सकता है।
करीब 100 विद्यार्थियों ने लिया भाग..
पीजी कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। डॉ. मिश्रा ने विद्यार्थियों को सरल तरीके से अंग्रेजी सीखने, बोलने और अंग्रेजी विषय से जुड़ी सामान्य परेशानियों से निपटने के संबंध में जानकारी दी। विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा के महत्व के साथ बेहतर कम्युनिकेशन की आवश्यकता के बारे में भी बताया गया।
26 वर्षों का शिक्षण अनुभव..
जानकारी के अनुसार, डॉ. राजेश मिश्रा झाबुआ और धार जिले के विभिन्न कॉलेजों में करीब 26 वर्षों तक सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने लगभग 26 कॉलेजों में अंग्रेजी विषय का अध्यापन किया। इसके अलावा वे करीब 5 वर्षों तक पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर भी रहे हैं।
बताया गया कि डॉ. मिश्रा द्वारा संचालित कोचिंग के माध्यम से अब तक करीब 270 विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय में एमए किया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने किया चयन..
अंग्रेजी विषय में विशेष योग्यता और अनुभव रखने वाले डॉ. राजेश मिश्रा का चयन मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग द्वारा पीएम उषा के तहत आयोजित स्पोकन इंग्लिश प्रोग्राम के लिए किया गया है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा को लेकर आने वाली झिझक और परेशानियों को दूर करने के साथ सरल तरीके से अंग्रेजी सीखने की दिशा में जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं ने बताया कि सरल शब्दों में दी गई जानकारी से उन्हें अंग्रेजी विषय को समझने और सीखने को लेकर प्रोत्साहन मिला है।
यह सात दिवसीय कार्यक्रम 28 सितंबर तक जारी रहेगा।






























