परिवीक्षा अवधि की फाइलें, क्रमोन्नति सूची, डीए, मकान भत्ता और एरियर सहित विभिन्न मामलों को लेकर सौंपा ज्ञापन…
धार@साबिर खान fm
शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने धार में संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करने का अनुरोध किया।
संघ के संभागीय संगठन मंत्री मोहन यादव के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख रूप से परिवीक्षा अवधि वाले प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों की फाइलें इंदौर भेजने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग रखी। इसके अलावा 12, 24 और 30 वर्ष की क्रमोन्नति सूची में शामिल प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों के साथ पुराने नियमित शिक्षकों से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की गई।
विभागीय जांच पूरी होने के बाद आदेश जारी करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने उन कर्मचारियों के मामलों का निराकरण करने की मांग की, जिनकी विभागीय जांच पूरी हो चुकी है। संघ ने ऐसे प्रकरणों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आदेश जारी करने का अनुरोध किया।
वहीं, जिन विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) द्वारा शिक्षकों की सीआर पर पूर्व में पदस्थ सहायक आयुक्तों से मतांकन नहीं करवाया गया है, उनके संबंध में नोटिस जारी करने की मांग भी रखी गई।
जिला पंचायत सीईओ से क्रमोन्नति प्रकरणों पर चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ जिला पंचायत धार से मुलाकात कर क्रमोन्नति सूची सहित शिक्षकों के विभिन्न लंबित मामलों से अवगत कराया। संघ पदाधिकारियों ने पूर्व में क्रमोन्नति सूची लंबित रहने का मुद्दा भी उठाया और अनुरोध किया कि ऐसी फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने बीईओ धार से मुलाकात कर शिक्षकों से संबंधित डीए, मकान भत्ता, क्रमोन्नति और एरियर के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने का अनुरोध किया।
जिला कोषालय अधिकारी से भी मिले
शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कोषालय अधिकारी आस्था चौरसिया से भी मुलाकात की। संघ की ओर से कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों को लेकर चर्चा की गई। अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को प्रकरणों के निराकरण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। संघ के अनुसार, कोषालय अधिकारी ने बताया कि लंबित प्रकरणों को पांच दिन में हल करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में संभागीय संगठन मंत्री मोहन यादव, जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार शास्त्री, सचिव विनोद कुमार पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष हाकमसिंह ठाकुर और नगर अध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर शामिल रहे।






























