मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दृढ़ इच्छाशक्ति की एक मिसाल सामने आई है। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर के पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया, लेकिन मुख्यमंत्री ने अपना कार्यक्रम रद्द नहीं किया। करीब तीन घंटे का सड़क सफर तय कर वे आलीराजपुर पहुंचे और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ बलराम कृषि महोत्सव में शामिल हुए।
अलीराजपुर@साबिर खान fm
आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने जिले को 356 करोड़ 89 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 303 करोड़ 34 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 53 करोड़ 55 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। साथ ही स्व-सहायता समूह की महिलाओं को 2 करोड़ 10 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। जैविक किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित कर विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सहित जनजातीय क्रांतिकारियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया और कहा कि राज्य सरकार जनजातीय अंचलों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने किसानों और युवाओं के लिए सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। दही-नर्मदा पाइपलाइन परियोजना लगभग पूरी हो चुकी है और दीपावली के बाद इसका लोकार्पण किया जाएगा। किसानों को दिन में बिजली, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा और डेयरी विकास के लिए नई योजनाओं पर भी सरकार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने भाभरा में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के नाम पर विशाल पार्क, रानी काजल माता लोक, छात्रावासों के विस्तार और अन्य विकास कार्यों की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
खराब मौसम भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संकल्प को नहीं रोक सका। सड़क मार्ग से आलीराजपुर पहुंचकर उन्होंने यह संदेश दिया कि जनसेवा और जनता से जुड़ाव उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वीडियो
https://www.instagram.com/reel/DbKhiFyxy7O/?igsh=Y29oZDJqanlzaWdm






























