मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर की दिवंगत उर्मिला सैनी के शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला न समझे, प्रदेश सरकार हर संभव सहायता के लिए उनके साथ खड़ी है।
भोपाल@साबिर खान fm
विधानसभा परिसर में हुई इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत उर्मिला सैनी के दोनों बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह राशि दोनों बच्चों के नाम फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) के रूप में जमा कराई जाएगी, ताकि उससे मिलने वाले ब्याज का उपयोग उनकी स्कूली और उच्च शिक्षा के लिए किया जा सके।
बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाएगी सरकार..
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिवार को भरोसा दिलाया कि बच्चों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सरकार उनकी शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री से मिलने के लिए दिवंगत उर्मिला सैनी की पुत्री प्रेक्षा सैनी, उनके नाना सत्यनारायण मालाकार और अन्य परिजन भोपाल पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार की बात सुनी और उन्हें हरसंभव सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया।
संवेदनाओं के साथ सहायता का संदेश…
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य की चिंता सरकार की जिम्मेदारी भी है और उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस निर्णय को प्रदेश सरकार की मानवीय संवेदनाओं और पीड़ित परिवारों के प्रति सहयोगात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।






























