मध्य प्रदेश के लाखों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2025 की दावा राशि के रूप में 10 लाख 54 हजार किसानों के बैंक खातों में 1460 करोड़ 25 लाख रुपए सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित किए। यह राशि जगदीशपुर में आयोजित मंत्री परिषद की बैठक के तुरंत बाद जारी की गई।
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच का काम कर रही है।
अल-नीनो को लेकर किसानों को किया सतर्क
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस वर्ष अल-नीनो प्रभाव के कारण सामान्य मानसून प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में किसानों को अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित समय सीमा के भीतर अवश्य करवा लेना चाहिए, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक सहायता समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील हैं और केंद्र तथा राज्य सरकार मिलकर किसानों की आय सुरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही हैं।
2016 से अब तक किसानों को मिला 30 हजार करोड़ से अधिक का लाभ
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक प्रभावित किसानों को 30 हजार 942 करोड़ 34 लाख रुपए की दावा राशि का भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के समय किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना है।






























