मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई बड़े निर्देश दिए हैं। स्कूल शिक्षा से लेकर धार्मिक पर्यटन, यूनियन कार्बाइड स्मारक, उज्जैन एयरपोर्ट और ग्रामीण रजिस्ट्री अभियान तक कई अहम फैसलों पर तेजी से काम करने को कहा गया।
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाले सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि 15 जुलाई तक चल रहे स्कूल चलें अभियान के दौरान अधिक से अधिक सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया जाए और इन विद्यालयों की राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर ब्रांडिंग की जाए।
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट, अमरकंटक, ओंकारेश्वर, महेश्वर, ओरछा, दतिया और मैहर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर धर्मशाला, अन्न क्षेत्र, प्याऊ और अन्य जनसुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया।
बैठक में भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड की रासायनिक कचरे से मुक्त भूमि पर भव्य स्मारक बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 53 हजार गांवों में नि:शुल्क आबादी भूमि रजिस्ट्री अभियान चलाने और शिविर लगाकर पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अग्निवीरों को मध्यप्रदेश पुलिस के विशेष सशस्त्र बल में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रक्रिया में तेजी लाने, मंत्रालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था लागू करने तथा विभिन्न विभागों के छात्रावासों को ‘समरसता छात्रावास’ के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही उज्जैन में नए हवाई अड्डे के निर्माण, रामवन गमनपथ परियोजना और श्रीकृष्ण पाथेय परियोजना को भी समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।
समापन: मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से कहा कि तय लक्ष्यों की पूर्ति के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर तेजी से अमल सुनिश्चित किया जाए।






























