| मध्यप्रदेश की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 जून को सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 37वीं किश्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1835 करोड़ रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी।
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर सागर जिले की देवरी विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी देंगे। कार्यक्रम में लगभग 190.85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित 53 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 122.02 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 28 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा, जबकि 68.83 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 25 विकास कार्यों का लोकार्पण होगा।
इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। सरकार का दावा है कि इन विकास परियोजनाओं से देवरी और केसली विकासखंड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
राज्य सरकार के अनुसार लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से हर महीने पात्र महिलाओं के खातों में वित्तीय सहायता राशि भेजी जाती है। 37वीं किश्त के अंतरण के साथ ही योजना से जुड़ी लाखों महिलाओं को एक बार फिर आर्थिक संबल मिलेगा।






























