राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी ने धार जिले के बाग प्रिंट कलाकार से कहा ऐसे ही उमंग से काम करते रहना।
धार@टीम भारतीय न्यूज़।
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के तहत बुधवार को इंदौर पहुंची। देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू की अगवानी एवं स्वागत महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल जी ने की और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, धार जिले के प्रभारी मंत्री तथा नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित गणमान्यजन ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी ने इंदौर के प्रतिष्ठित मृगनयनी एम्पोरियम में कुशल कारीगरों से संवाद किया। उन्होंने मध्यप्रदेश की समृद्ध हस्त और वस्त्र कला की सराहना कर कारीगरों को प्रोत्साहित किया। मृगनयनी एम्पोरियम में सबसे पहले राष्ट्रपति धार जिले की बाग प्रिंट के कलाकार राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मुबारिक खत्री से रूबरू हुईं। उनसे पूछा कितनी पीढ़ी से यह काम कर रहे हो। खत्री ने बताया कि यह हमारी 11वीं पीढ़ी है। इसी बीच खत्री ने उन्हें प्रिंट करके दिखाया, तब राष्ट्रपति ने उनसे कलर को टिकाऊ रखने का तरीका समझा। खत्री ने उन्हें बाग प्रिंट की एक साड़ी भी भेंट की। उन्होंने कहा कि ऐसे ही उमंग से काम करते रहना।






























