धार जिले में जगह-जगह निकले जुलूस, हरे परचम लहराए, तिरंगा थामकर कौमी एकता की दी मिसाल, जिला मुख्यालय धार में सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने निकाला जुलूस, शहरकाजी वकार सादिक सहित मौलाना-मौलवी हुए शामिल
धार@साबिर खान
28 सितंबर को जिले में ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व मुस्लिम समुदाय ने पूरे उत्साह के साथ मनाया। जिले में जगह-जगह मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस निकाले और खुशियां मनाई। जुलूस में डीजे पर नबी की शान में गीत गूंज रहे थे। हरे इस्लामिक परचम लहराते मुस्लिम युवा ‘सरकार की आमद मरहबा’ जैसे नारों को बुलंद करते हुए चल रहे थे।
जिला मुख्यालय धार में गुरूवार को ईद मिलाद-उन-नबी का जश्न मनाने के लिए सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जुलूस-जलसे में शामिल हुए। इस दौरान गले मिलकर ईद की बधाईयां भी दी गई। जुलूस में 15से अधिक डीजे शामिल थे। इन डीजों पर समुदाय से जुड़े भक्ति गीत बजते रहे। जगह-जगह मंचों से जुलूस पर फूल बरसाए गए। सड़कों पर जुलूस को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हरे झंडों के साथ कुछ लोगों के हाथों में तिरंगे ध्वज भी दिखाई दिए। राष्ट्रीय ध्वज की मौजूदगी धार्मिक जुलूस में कौमी एकता का संदेश दे रही थी।
ईद मिलाद-उन-नबी पर्व इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगम्बर मोहम्मद के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। इस पर्व का मुस्लिम समुदाय में विशेष महत्व रहता है। एक दिन पूर्व से ही विशेष तैयारियां की जाती है। समुदाय के लोग अधिक से अधिक समय इबादत और मस्जिदों में बिताते है। पैगम्बर साहब के पैगाम पढ़े जाते हैं। अनेकों लोग गरीब जरूरतमंद लोगों की मदद करके इस तरीके से पर्व मनाते है। जुलूस को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।






























