धार जिले में मनावर थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल रोड पर 2 अगस्त को कियोस्क बैंक संचालक प्रकाश चौखानी के साथ 4 लाख ₹ की लूट मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मनावर@टीम भारतीय न्यूज़
बदमाशों से करीब पौने 4 लाख रुपए की राशि भी बरामद कर ली गई है। एसपी मनोजसिंह के मार्गदर्शन में मनावर एसडीओपी धीरज बब्बर ने 20 दिन के भीतर अज्ञात आरोपियों को पहचान कर लूट की लगभग राशि बरामद करने में सफलता हासिल की है। घटना में लिप्त 4 बदमाश गिरफ्तार किए जा चुके है। वहीं 1 बदमाश विनोद की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी कमलेश सिंगार के अनुसार कियोस्क संचालक का एक मित्र गजेन्द्र कटारे था। गजेन्द्र अक्सर कियोस्क आता था। उसे कियोस्क के लेने-देन की जानकारी थी। गजेन्द्र ने ही अपने दो साथी सुनील मसानिया, विनोद मसानिया के साथ मिलकर टांडा के दो युवक समरसिंह पोसलिया और दयाराम सेकड़िया को प्लानिंग में शामिल किया। घटना दिनांक को संचालक तब अपने सहकर्मी के साथ राशि लेकर रात्रि में लौट रहे थे। उस दौरान उनके वाहन को गिराकर राशि लूटी गई थी। मामले के खुलासे में निरीक्षक कमलेश सिंगार थाना प्रभारी मनावर, उपनिरीक्षक राहुल चौहान, प्रकाश अलावा, दिलीप तडेवला, सहायक उपनिरीक्षक निसार मकरानी, राजेश हाडा, प्रधान आरक्षक बसंत रावत, राघवेन्द्र परमार,आरक्षक राहुल बांगर, ललित कुमरावत, लखन निंगवाल व सायबर सेल से आरक्षक प्रशांत का योगदान रहा।






























