राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान है। इसी विचार को लेकर आम लोगों में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में देश भक्ति का संदेश देते हुए रविवार को धार में तिरंगा यात्रा निकाली गई।
धार@साबिर खान
शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीरसिंह छाबड़ा टोनी के नेतृत्व में सैकड़ों युवा तिरंगा ध्वज थामे वाहन रैली में शामिल हुए। यात्रा की शुरूआत संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कांग्रेस नेताओं द्वारा माल्यार्पण के पश्चात हुई। देश भक्ति के नारे और देश भक्ति के गीतों पर दुपहिया वाहनों पर तिरंगा लहराते हुए युवाओं का हुजूम शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। रैली में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलकिशोर पाटीदार, पीसीसी सचिव कुलदीपसिंह बुंदेला कभी वाहन पर तो कभी पैदल राष्ट्र ध्वज थामे शहर की सड़कों से गुजरे।
रविवार को तिरंगा यात्रा ने शहर में करीब डेढ़ किलोमीटर मार्ग का सफर तय किया। इस दौरान कई जगह से यात्रा पर पुष्प बरसाए गए। यात्रा में अलग-अलग इलाकों से बाईकों पर सवार युवाओं की तिरंगा थामे उपयात्राएं भी मुख्य यात्रा में शामिल हुई। यात्रा के आगे गुब्बारे से सजे वाहन में देश के नक्शे की प्रतिकृति के बीच मां भारती का चित्र यात्रा को विशेष बना रहा था। मां भारती के चित्र के अगुवाई में ही यात्रा निकाली गई।
पीसीसी सचिव कुलदीपसिंह बुंदेला ने यात्रा के पश्चात कहा कि स्वतंत्रता का संघर्ष कई सालों तक चला है। आजादी लाखों लोगों के बलिदान और संघर्ष के पश्चात मिली है। स्वतंत्रता दिवस का उत्सव हम बलिदानियों के स्मरण और आजादी मिलने के तौर पर मनाते है। यह दिन हमें बार-बार यह याद दिलाता है कि अब हमें मिलकर इस देश की एकता और अखंडता को बरकरार रखना है। देश को वैश्विक पटल पर प्रगतिशील बनाना है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीरसिंह छाबड़ा ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव का 76वां वर्ष चल रहा है। देश के प्रत्येक व्यक्ति के मन में देश भक्ति रहती है। राष्ट्रीय पर्व के दौरान हम यात्राओं के माध्यम से ना सिर्फ उत्सव को मनाते है बल्कि आने वाली नव पीढ़ी और नवयुवकों को हमेशा यह स्मरण कराते है कि आजादी का मोल लाखों लोगों का बलिदान रहा है। इस बलिदान का मान रखना है और संगठित और सशक्त राष्ट्र निर्माण में सदैव भागीदारी बनाएं रखना है।






























