ऑल इण्डिया हज वेलफेयर सोसायटी ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को पत्र प्रेषित कर माँग की है कि हज प्रशिक्षक के लिये निर्धारित आयु सीमा 25-58 वर्ष की अनिवार्यता समाप्त की जाए, उल्लेखनीय है की हज 2022 के लिये दिनांक 8,9 जनवरी को दो दिवसीय हज प्रशिक्षकों के लिये प्रशिक्षण का आयोजन हज कमेटी ऑफ इण्डिया की ओर से हज हाऊस मुम्बई में किया जा रहा है।
धार@साबिर खान
सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत खान ने पत्र के हवाले से बताया की हज प्रशिक्षण के लिये निर्धारित की गई आयु सीमा 25-58 वर्ष का कोई औचित्य नज़र नही आता, बहुत से शासकीय कर्मचारी सेवानिर्वत्ति के उपरान्त हज यात्रा पर जातें हैं, हज पर से आने के बाद वे स्वयं भी हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने के इच्छुक होते हैं, आर्थिक रूप से सक्षम होने के साथ उनके पास पर्याप्त समय भी होता है, वे हज यात्रियों को सुगमता के साथ प्रशिक्षण दे सकते हैं किंतु उम्र की बंदिश के कारण वे हज कमेटी ऑफ इण्डिया के प्रशिक्षण शिविर में शामिल नही हो सकते, यदि उम्र की बाध्यता खत्म कर दी जाए तो वे भी इस प्रशिक्षण में भाग लेकर और बेहतर तरीके से हज यात्रियों को प्रशिक्षण दे सकते हैं, बहुत से लोग जो सरकारी कर्मचारी नही हैं और विगत कई वर्षों से हज यात्रियों की सेवा कार्यो से जुड़े हैं उनको अभी तक प्रशिक्षकों के लिये आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने का अवसर नही मिल सका है आयु सीमा की बाध्यता की वजह से वे भी वंचित हैं, हज यात्रियों को आसानी हो इसके लिये हज प्रशिक्षक के लिये निर्धारित आयु समाप्त की जानी चाहिये ।
राष्ट्रीय महासचिव सैय्यद रियाज़ ने बताया कि राज्य हज समितियाँ डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर का चयन कर उन्हें स्वयं के व आस-पास के ज़िलों में हज यात्रियों को प्रशिक्षण दिए जाने का ज़िम्मा सौंपती हैं, लेकिन निर्धारित आयु सीमा की वजह से बहुत से लोग डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर बनने से वंचित रह जाते हैं जबकि उनकी इच्छा होती है कि वे भी हज यात्रियों को प्रशिक्षण दे सकें, सऊदी अरब भेजे जाने वाले हज सेवकों के लिये आयु की अनिवार्यता तो समझ आती है लेकिन हज प्रशिक्षक के लिये यह बाध्यता समझ से परे है ।
सोसायटी ने अल्पसंख्यक कार्य मंत्री से माँग की है इस वर्ष तो चूँकि प्रशिक्षण का समय करीब है लेकिन आगामी वर्ष से हज प्रशिक्षक के लिये आयु की बाध्यता खत्म करें ताकि सभी को हज यात्रियों की सेवा का अवसर प्राप्त हो सके ।
एबाद अहमद
सेक्रेट्री मैनेजमेंट – ऑल इण्डिया हज वेलफेयर सोसायटी.






























