अशोकनगर बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, फसल विविधीकरण, उद्यानिकी और पशुपालन अपनाने का किसानों से किया आह्वान..
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नई तकनीक और कृषि क्षेत्र में नवाचार ने खेती में समृद्धि के नए रास्ते खोले हैं। आने वाले समय में कृषि आधारित उद्योग ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार और समृद्धि के नए अवसर पैदा करेंगे। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ-साथ फसल विविधीकरण, उद्यानिकी, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मछली पालन को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव अशोकनगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
फसल विविधीकरण से बढ़ सकती है किसानों की आय..
मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पारंपरिक फसल उत्पादन तक सीमित रहने के बजाय किसान उद्यानिकी और पशुपालन से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। फसल के साथ दुग्ध उत्पादन और मछली पालन को अपनाने से किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत तैयार होंगे।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अशोकनगर के किसानों की मेहनत की सराहना..
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अशोकनगर के किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जिले के अन्नदाता प्रदेश के किसानों के लिए मिसाल बन रहे हैं।
उन्होंने अशोकनगर के शरबती गेहूं का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी देशभर में मांग है। साथ ही जिले में धनिया और गुलाब जैसी उद्यानिकी फसलों के प्रति किसानों की बढ़ती रुचि को भी सकारात्मक बदलाव बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार कम बारिश की चुनौती के बीच डीआरएस तकनीक से धान की रोपाई का रकबा बढ़ाकर किसानों ने परिस्थितियों को अवसर में बदला है। फसल विविधीकरण के चलते जिले में चना और मसूर का रकबा भी बढ़ा है।
किसानों को दिन में पर्याप्त बिजली देने की तैयारी..
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ माह बाद किसानों को दिन में ही पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि किसानों को सिंचाई के लिए 5, 7 और 10 हॉर्स पावर के बिजली पंप उपलब्ध कराने में सब्सिडी के माध्यम से सहायता दी जा रही है।
कृषि भूमि अधिग्रहण पर चार गुना मुआवजा..
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेती को लाभप्रद बनाने के लिए प्रदेश में बिजली, पानी और खेतों तक सड़क संपर्क उपलब्ध कराने पर काम जारी है।
उन्होंने कहा कि कृषि भूमि के भू-अर्जन पर किसानों को चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए साल में एक बार खाते को क्लियर करने की व्यवस्था किए जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर सरकार का फोकस..
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने किसानों से पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी कृषि के साथ जोड़ने का आह्वान किया, ताकि ग्रामीण परिवारों की आय के अतिरिक्त साधन विकसित हो सकें।
किसान, महिला, गरीब और युवा सरकार की प्राथमिकता..
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान, महिला, गरीब और युवा राज्य सरकार के लिए महत्वपूर्ण वर्ग हैं। किसान के समृद्ध और खुशहाल होने से समाज भी अन्न और धन-धान्य से समृद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान और खेत में किसान की भूमिका समान है, क्योंकि दोनों देश के लिए समर्पित होकर अपना दायित्व निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण को लेकर सरकार संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ काम कर रही है और इसी क्रम में पूरा वर्ष किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
किसानों की अगली पीढ़ी के लिए सरकार प्रतिबद्ध..
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा और उनके संवर्धन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सांदीपनि विद्यालयों के साथ प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को भी बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों के वर्तमान के साथ-साथ उनकी अगली पीढ़ी के भविष्य को भी सुरक्षित और बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने दी आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं..
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोकनगर के किसानों से वर्चुअली संवाद भी किया। उन्होंने किसानों को जन्माष्टमी, बलराम जयंती और रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं।






























