यौमे आज़ादी यानी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मदरसा कलीमिया कमालिया, पीराने धार में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, उलेमा, अभिभावकों और मदरसे के बच्चों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की..
धार@साबिर खान fm
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद मदरसे के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, नज़्म और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद करते हुए देश की एकता, भाईचारे, अमन और शांति का संदेश दिया।
समारोह में जनाब राजेश खड़ीकर साहब, भूतपूर्व सैनिक एवं अध्यापक, उत्कृष्ट स्कूल धार तथा जनाब हेमंत बलवंत राव साठम साहब, रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर, ऑफिस पुलिस धार, विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं हाजी सगीर मोहम्मद साहब, परियोजना अधिकारी, ओ.एस. शिक्षा विभाग, धार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने किया पौधारोपण..
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।
मदरसे के बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर अतिथियों ने उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को इनाम एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बच्चों को दिया देशप्रेम और सद्भाव का संदेश…
कार्यक्रम में मदरसा प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का सम्मान और सत्कार किया गया। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में देशप्रेम, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और समाजसेवा की भावना भी मजबूत होना जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में मदरसे के खादिम हाजी मोहम्मद शफी नक्शबंदी साहब ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया तथा स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन देश की तरक्की, अमन-शांति और खुशहाली के लिए दुआ के साथ हुआ।






























