Live By-Election Marwahi 2020: मरवाही उपचुनाव के तहत आज सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान के लिए महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान के एक घंटे पूरे होने पर करीब ढ़ाई फीसद मतदान संपन्न हुआ। इसमें 2107 पुरुषों और 24077 महिलाओं ने अब तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। दोपहर 1 बजे तक मतदान की दर बढ़कर 41. 46 फीसद हो गई। कोरोना संक्रमणकाल के दौरान बदली हुई व्यवस्था के बीच आज सुबह आठ से शाम छह बजे तक मरवाही विधानसभा उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। एक लाख 90 हजार 907 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पहली बार मतदान दल पीपीई किट में नजर आ रहे हैं। पोलिंग बूथ के भीतर जाने से पहले मतदाताओं को मास्क दिया गया है। सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की गई है। कोरोना संक्रमित मतदाताओं के लिए अलग से एक घंटा आरक्षित रखा गया है। शाम पांच से छह के बीच ऐसे मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।



































