मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार, 9 अगस्त 2026 को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से चार नई फ्लाइट्स का शुभारंभ किया। इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को बोर्डिंग पास प्रदान कर नई हवाई सेवाओं को फ्लैग ऑफ किया..
भोपाल@साबिर खान fm
इन नई उड़ानों के शुरू होने से भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित हो गया है। इससे यात्रियों को लंबे सड़क या रेल सफर की जगह कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
भोपाल से पटना और रीवा से कोलकाता सीधा कनेक्शन
नई हवाई सेवाओं से राजधानी भोपाल सीधे बिहार की राजधानी पटना से जुड़ गई है। वहीं, भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच भी सीधा हवाई संपर्क स्थापित हुआ है। रीवा से कोलकाता तथा जबलपुर से कोलकाता की सीधी उड़ानें शुरू होने से पूर्वी भारत से मध्यप्रदेश के महत्वपूर्ण शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
सरकार का कहना है कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे यात्रियों के समय की बचत होने के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
सीएम बोले- एयर कनेक्टिविटी को लगातार किया जा रहा मजबूत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के एविएशन सेक्टर में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में नए एयरपोर्ट और नए हवाई मार्ग विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार की एविएशन पॉलिसी के माध्यम से नई उड़ानों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी का और विस्तार होगा। उन्होंने इंदौर से अबू धाबी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने और आगामी समय में भोपाल से शारजाह के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने एयर एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर सेवाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि जरूरत के समय मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाने में हवाई सेवाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
केंद्रीय मंत्री बोले- एविएशन सेक्टर में तेजी से हुआ विस्तार
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने नई उड़ानों के शुभारंभ पर मध्यप्रदेश के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है। उनके मुताबिक, एविएशन सेक्टर के विकास का लाभ अब टियर-2 और टियर-3 शहरों को भी मिल रहा है।
उन्होंने मध्यप्रदेश की नई एविएशन पॉलिसी की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की नीति देश के लिए बेहतर उदाहरण बन रही है। केंद्रीय मंत्री ने भविष्य में नए एयरपोर्ट और हवाई सेवाओं के विस्तार की बात भी कही।
विंध्य के लिए ऐतिहासिक दिन: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा से शुरू हुई हवाई कनेक्टिविटी को विंध्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि विंध्य में प्राकृतिक संसाधनों के साथ धार्मिक और पर्यटन की भी बड़ी संभावनाएं हैं। बेहतर एयर कनेक्टिविटी से इन क्षेत्रों को विकास की नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आज हवाई यात्रा केवल सुविधा या लग्जरी नहीं, बल्कि विकास और जरूरत का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है।
सरकार देगी वित्तीय सहायता
नई उड़ानों का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा। राज्य सरकार इन सेवाओं को मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक राउंड ट्रिप पर राज्य शासन की ओर से एयरलाइन को 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) दी जाएगी।
चार नई उड़ानों के शुरू होने से मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों का हवाई नेटवर्क और मजबूत हुआ है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ते हुए समयबद्ध, सुगम और बेहतर हवाई परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।






























