गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के माधव विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित ‘महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व’ में प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 587.23 करोड़ रुपए की लागत वाले 9 प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया और कहा कि “आज से मध्यप्रदेश में शिक्षा के नए युग का प्रारंभ हो रहा है।
उज्जैन@साबिर खान fm
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साधु-संतों और गुरुओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग में नव नियुक्त 7,500 प्राथमिक शिक्षकों में से 10 शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे। लगातार तीन वर्षों तक बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले 6 प्राचार्यों को ‘सांदीपनि अलंकरण’ से सम्मानित किया गया।
AI आधारित ‘मिशन बुनियाद’ की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित ‘मिशन बुनियाद’ का शुभारंभ भी किया। पहले चरण में यह योजना 8 जिलों के 500 सरकारी स्कूलों में लागू होगी, जहां कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को AI आधारित व्यक्तिगत शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उज्जैन में बनेगी धन्वंतरी मेडिकल यूनिवर्सिटी
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उज्जैन में नई धन्वंतरी मेडिकल यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार निवेश किया जा रहा है तथा मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए सरकार हरसंभव सहयोग दे रही है।
उत्कृष्ट प्राचार्यों को मिलेगा सम्मान
डॉ. यादव ने घोषणा की कि लगातार तीन वर्षों तक 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों को 1 लाख रुपये की सम्मान राशि तथा विद्यालय के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
गीता भवन और सांदीपनि विद्यालयों पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में गीता भवन बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 60 नए सांदीपनि विद्यालयों की शुरुआत की गई है और पहले व दूसरे चरण में इनके निर्माण पर लगभग 25,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
587.23 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने श्री कालभैरव मंदिर, श्री मंगलनाथ मंदिर, महर्षि सांदीपनि आश्रम, महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय, नए पुस्तकालय भवन, प्रयोगशाला भवन सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। साथ ही उज्जैन विकास प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के तहत विकसित होने वाले ‘श्रीकृष्ण-सुदामा नगर’ परियोजना का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक, भारतीय संस्कृति और गुरु परंपरा के समन्वय से मध्यप्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






























