सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से राशि जारी की, कहा- अंत्योदय के संकल्प को साकार कर रही सरकार..
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय में आयोजित सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के 33 लाख 92 हजार 695 से अधिक हितग्राहियों के खातों में मई माह की 203 करोड़ 56 लाख रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की। कार्यक्रम को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों, असहायों और समाज के कमजोर वर्गों का सम्मान करना हमारी संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घर के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद तपती धूप में ठंडी छांव के समान होता है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है कि कोई भी गरीब परिवार, महिला, वरिष्ठ नागरिक या दिव्यांग स्वयं को बेसहारा महसूस न करे।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प साकार हो रहा है और केंद्र व राज्य सरकार मिलकर गरीब, वंचित एवं कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार की ओर से सम्मान, सुरक्षा और संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों को शून्य ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही ऋण चुकाने की अवधि को अधिक लचीला बनाया गया है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं एवं अन्य हितग्राही वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।






























