मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय आईजी कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आतंकवाद विरोधी कार्रवाई और पुलिस की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस का पहला कर्तव्य है।
भोपाल@साबिर खान fm
पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई पर पुलिस की सराहना
कॉन्फ्रेंस के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने हाल ही में पुलिस द्वारा एक संदिग्ध आतंकी सहयोगी के खिलाफ की गई कार्रवाई का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर कथित नेटवर्क और षड्यंत्र का पर्दाफाश किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी पुलिस बिल में छुपे ऐसे सपोलों को पकड़ने में समर्थ है।” उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई मध्यप्रदेश पुलिस की सतर्कता, दक्षता और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ 2028 करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व है और मध्यप्रदेश पुलिस संवेदनशीलता, सतर्कता और सेवा भाव के साथ इसे देश-दुनिया के सामने आदर्श आयोजन के रूप में प्रस्तुत कर सकती है।
उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन को लेकर अभी से व्यापक तैयारी करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराध, मानव तस्करी और महिला सुरक्षा पर फोकस…
मुख्यमंत्री ने साइबर अपराधों की रोकथाम और जनजागरूकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, मानव तस्करी पर नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा को मजबूत करने तथा न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नक्सलवाद के खिलाफ उपलब्धि का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने नक्सलवाद के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। मंडला, बालाघाट और डिंडोरी जैसे क्षेत्रों में वर्षों से विकास में बाधा बने नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई कर प्रदेश को नक्सल प्रभाव से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री Narendra Modi के संकल्प और केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के मार्गदर्शन में संभव हुई है।
22 हजार पुलिस भर्तियों का अभियान जारी…
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पुलिस बल को मजबूत करने के लिए लगातार भर्ती अभियान चला रही है। पिछले वर्ष से लगभग 22 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है और सरकार का प्रयास है कि पुलिस विभाग में कोई महत्वपूर्ण पद रिक्त न रहे।






























