आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित डायल-112 सेवा में धार जिले ने मध्यप्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित इस आपातकालीन सेवा के अंतर्गत धार जिला घटना स्थल पर पहुंचने और त्वरित कार्रवाई के मामले में प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है।
धार@साबिर खान fm
जिला पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन एवं सतत मॉनिटरिंग के चलते डायल-112 सेवा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मई 2026 के दौरान जिले में डायल-112 के माध्यम से लगभग 6 हजार विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं सहायता संबंधी कॉल प्राप्त हुईं। इन सभी घटनाओं पर जिले में संचालित 22 डायल-112 वाहनों ने औसतन 12 मिनट 30 सेकंड में मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता एवं पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की। यह औसत समय प्रदेश के सभी जिलों में सबसे बेहतर दर्ज किया गया।
डायल-112 सेवा की सफलता के पीछे आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जिले में संचालित सभी डायल-112 वाहन जीपीएस प्रणाली, डैशबोर्ड कैमरा और लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इन तकनीकी संसाधनों के माध्यम से प्रत्येक घटना की निगरानी और कार्रवाई को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा रहा है।
पुलिस विभाग के अनुसार, सभी वाहनों में 24 घंटे प्रशिक्षित पायलट और पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, जो सूचना प्राप्त होते ही तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो जाते हैं। सड़क दुर्घटनाओं, आपसी विवादों, अपराध संबंधी घटनाओं तथा अन्य आपात परिस्थितियों में डायल-112 टीम द्वारा लगातार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
जिला पुलिस धार ने बताया कि डायल-112 के कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों और सराहनीय प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर उन्हें सम्मानित और प्रोत्साहित भी किया जाता है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और सेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होता है।
जिला पुलिस धार ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच डायल-112 सेवा का उपयोग करें। पुलिस का कहना है कि जन-सेवा, सुरक्षा और विश्वास के संकल्प के साथ डायल-112 टीम भविष्य में भी नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।






























