लोकभवन में पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और बाबा महाकाल की प्रतिकृति भेंट कर किया सम्मान..
भोपाल@साबिर खान fm
मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकभवन पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं बाबा महाकाल की प्रतिकृति भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल के उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन और दीर्घायु होने की कामना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए शुभेच्छाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि राज्यपाल मंगुभाई पटेल की संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा, अंत्योदय की भावना के प्रति समर्पण, कर्तव्यपरायणता तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का सार्वजनिक जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण की भावना को सशक्त बनाने वाला रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्यपाल श्री पटेल का मार्गदर्शन प्रदेश के विकास और सुशासन को नई दिशा प्रदान करता रहेगा।


































