मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संगठन की जिला शाखा धार के प्रतिनिधि मंडल ने 2 सितंबर 2025 को भोपाल स्थित प्रांत कार्यालय में प्रांत अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, महामंत्री अजय दुबे और रामकुंडन सेन से सौजन्य भेंट की। इस दौरान धार जिले के जनजाति विभाग में कर्मचारियों से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
धार@साबिर खान fm
जिला अध्यक्ष दंगल दास बैरागी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि शासन के आदेशों की अवहेलना करते हुए विभागीय स्तर पर कर्मचारियों की जायज मांगों का निराकरण नहीं किया जा रहा है। इस पर प्रांत अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सहायक आयुक्त धार नरोत्तम बरकड़े, उपायुक्त इंदौर बृजेश पांडे और भोपाल में संबंधित अधिकारियों से मोबाइल पर चर्चा की।
प्रांत अध्यक्ष ने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो संगठन भोपाल स्थित जनजाति विभाग के कमिश्नर कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा। साथ ही जिला अध्यक्ष दंगल दास बैरागी ने चेतावनी दी कि यदि धार जिले की समस्याओं का निराकरण शीघ्र नहीं हुआ तो जिले के आश्रम-होस्टलों और स्कूलों का कार्य बंद कर आंदोलन किया जाएगा।
प्रतिनिधि मंडल में जिला कार्यवाहक अध्यक्ष हीरालाल उपाध्याय, बाबूलाल चौहान, दिनेश परिहार, कैलाश बघेल, अंतिम शुक्ला, राजेंद्र रावत और नारायण दायमा समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।






























