प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी के खिलाफ थाना मुंगावली, जिला अशोकनगर में दर्ज एफआईआर को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
धार@साबिर खान fm
धार जिला कांग्रेस कमेटी ने इसे ‘राजनीतिक द्वेष और दमनकारी मानसिकता’ का उदाहरण बताया है।
क्या है पूरा मामला?
25 जून को अशोकनगर जिले के ग्राम मुडरा के निवासी गजराज लोधी और रघुराज लोधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी से ओरछा दौरे के दौरान मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के दबंग सरपंच पुत्र विकास लोधी और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की, मोटरसाइकिल छीनी और अपमानजनक व्यवहार किया।
पीड़ितों की आपबीती को श्री पटवारी ने वीडियो में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और प्रशासन कार्यवाही करे।
वीडियो के अगले दिन बदला घटनाक्रम..
वीडियो वायरल होने के अगले दिन 26 जून को, जिला प्रशासन द्वारा पीड़ितों को तलब कर शपथपत्र दिलवाया गया। इस शपथपत्र में कहा गया कि ‘मानव मल खिलाने’ जैसी बात कहने के लिए उन्हें जीतू पटवारी ने उकसाया।
इसी आधार पर 27 जून को मुंगावली थाना में एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें श्री पटवारी को षड्यंत्रकर्ता, समाज में धार्मिक-जातीय द्वेष फैलाने वाला, राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा और सार्वजनिक शांति भंग करने वाला बताया गया।
धार कांग्रेस अध्यक्ष का बयान..
धार जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार ने बयान देते हुए कहा,
“यह एफआईआर पूरी तरह से राजनीतिक प्रतिशोध का परिणाम है। श्री पटवारी ने बतौर विपक्षी नेता अपनी जिम्मेदारी निभाई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पीड़ित भाई बिलख-बिलख कर न्याय की गुहार लगा रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह एफआईआर प्रशासन द्वारा भाजपा सरकार के इशारे पर गढ़ी गई “फर्ज़ी कहानी” है ताकि असली दोषियों को बचाया जा सके।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें…
1. श्री जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर तत्काल निरस्त की जाए।
2. अशोकनगर कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक की भूमिका की स्वतंत्र न्यायिक जांच हो।
3. पीड़ित भाइयों को न्याय मिले और
4. दबंग सरपंच पुत्र विकास लोधी व साथियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
यह सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, न्याय और संविधान की लड़ाई है…
श्री पाटीदार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर ऐसे अन्याय के खिलाफ जनता के साथ खड़ी रहेगी। यह लड़ाई केवल जीतू पटवारी की नहीं बल्कि सत्य, न्याय और संविधान की रक्षा की लड़ाई है।
“अगर सरकार ने निष्पक्षता से कार्य नहीं किया, तो कांग्रेस इस साजिश को जन-जन तक लेकर जाएगी।”
जानकारी जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी महेश पाटीदार ने दी।






























