राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा और खेल के क्षेत्र में एक गौरवशाली उपलब्धि के रूप में धार जिले के विनय मुकाती का नाम सामने आया है।
धार@साबिर खान fm
भारत सरकार के प्रतिष्ठित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के बैंगलोर स्थित अकादमिक केंद्र में बैडमिंटन कोच एवं खेल शिक्षक के रूप में कार्यरत विनय मुकाती ने NCERT द्वारा तैयार किए जा रहे नए शारीरिक शिक्षा पाठ्यक्रम में बैडमिंटन खेल के लिए महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
NEP-2020 के अंतर्गत हुआ संशोधन
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत शारीरिक शिक्षा को नए स्वरूप में लाया जा रहा है। इस प्रक्रिया में NCERT द्वारा तैयार किए जा रहे शारीरिक शिक्षा के नए पाठ्यक्रम में पारंपरिक खेल, आधुनिक खेलों और फिटनेस साक्षरता पर विशेष ध्यान दिया गया है।
विनय मुकाती ने इस पाठ्यक्रम के कक्षा 7 की पुस्तिका “खेल यात्रा” के अध्याय-3 (बैडमिंटन) के लिए व्यावहारिक मॉड्यूल, प्रशिक्षण पद्धति और तकनीकी गाइडलाइन तैयार की हैं।
खेल शिक्षा को मिलेगा आधुनिक स्वरूप
विनय मुकाती का कहना है—
इस राष्ट्रीय परियोजना का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। बैडमिंटन देश का तेजी से बढ़ता खेल है, और हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे विद्यार्थी शुरुआत से ही सही मार्गदर्शन पाएं..
नया पाठ्यक्रम केवल खेल कौशल ही नहीं, बल्कि मानसिक अनुशासन, नैतिक मूल्य, फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक तैयारी को भी बढ़ावा देता है।
अगले शैक्षणिक सत्र से लागू होगा नया पाठ्यक्रम
NCERT द्वारा तैयार यह संशोधित पाठ्यक्रम आगामी सत्र से CBSE सहित सभी संबद्ध बोर्डों में लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल खेल के प्रति उत्साहित करना है, बल्कि प्रशिक्षित, समर्पित और नैतिक खिलाड़ी तैयार करना भी है।
धार के लिए गर्व का क्षण
यह योगदान न सिर्फ विनय मुकाती के खेल शिक्षा में योगदान को दर्शाता है, बल्कि यह दर्शाता है कि धार जैसे छोटे शहरों से भी राष्ट्रीय पाठ्यक्रम को दिशा देने वाले युवा निकल रहे हैं।






























