जिला मुख्यालय पर 5 सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों का रैली प्रदर्शन, ज्ञापन में भगवान के सामने शासन को सद्बुद्धि देने की रखी मांग।
धार@साबिर खान
28 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे जिले के पटवारियों की हड़ताल 18 दिन पूर्ण कर चुकी है। तहसील कार्यालय में प्रतिदिन पटवारी धरना स्थल पर बैठकर मांग पूरी होने का इंतजार कर रहे है। गुरूवार को जिला मुख्यालय धार में पटवारियों ने तिरंगे ध्वज थामकर धरना स्थल से धारेश्वर महादेव मंदिर तक पैदल रैली निकाली। पटवारियों की रैली का किसान संघ के मंचों से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। धारेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव को ज्ञापन अर्पित किया गया। जिसमें मांगे पूरी करने के लिए शासन को सद्बुद्धि देने की मांग की गई है। रैली में बड़ी संख्या में जिले के पटवारी शामिल थे।
5 सूत्रीय मांगों का चाहते है निराकरण
पटवारियों द्वारा अपनी 5 सूत्रीय मांगों को पूर्ण कराने के लिए हड़ताल की जा रही है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पूर्व में भी पटवारियों को वेतनमान ग्रेड पे 2800 करने की घोषणा की गई थी, लेकिन पालन नहीं किया गया। बीते बीते 25 सालों में प्रदेश के पटवारियों के वेतनमान में कोई वृद्धि नहीं की गई है। इसके अतिरिक्त पटवारियों को पदोन्नति, भत्ता बढ़ोतरी, समयमान-वेतनमान एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग भी हमारी पांच मांगों में शामिल है।
पटवारियों की हड़ताल का असर अब दिखाई देने लगा है। लोग अपने काम के लिए परेशान हो रहे है। हिम्मतगढ़ के किसान उदय चौहान निवासी काजीवाड़ा धार को किसान सम्मान निधि योजना में पंजीयन कराना है। वे दस्तावेज लेकर बीते 15 दिनों से तहसील कार्यालय में चक्कर लगा रहे है। दरअसल उस क्षेत्र के पटवारी अभिषेक ने अपना चार्ज पटवारी शिवेन्द्र तिवारी को सौंप दिया है। शिवेन्द्र के पास लॉगिन आईडी-पासवर्ड नहीं है। इधर तहसील कार्यालय में बाबू ठाकुरलाल द्वारा लोगों के आवश्यक काम निपटाए जा रहे है, लेकिन पटवारियों की लॉगिन आईडी-पासवर्ड नहीं होने से कई किसान योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हो रहे है।






























