खंडवा के जिला अस्पताल में उस 17 वर्षीय बालिका ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसे शाम के समय भर्ती कराया गया था। बालिका बेहोशी की हालत में खेत पर मिली थी। बालिका के कपड़े उल्टी से लथपथ थे, पुलिस बयान में बताया था कि, उसे 4 बदमाशों ने घर से उठाया और खेत में ले जाकर जहर पिला दिया। इधर, परिजन ने दुष्कर्म की आशंका जताई थी। अब पुलिस की जांच में ही बालिका की मौत की मिस्ट्री का खुलासा हो सकेगा।
खंडवा@टीम भारतीय न्यूज़
थाना जावर अंतर्गत ग्राम जावर से गोहलारी रोड पर स्थित कुरवाडा के रास्ते पर कुछ आदिवासी ( बारेला ) समाज के परिवार निवासरत है। बालिका के परिजन ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत की, इस पर पुलिस ने परिजन से उम्र संबंधी दस्तावेज मांगे और परिजन यह दस्तावेज लेने वापस घर गए तो बालिका के बारे में पता चला कि वह पास के खेत में बेहोश मिली। परिजन ने तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्राइवेट पार्ट में ब्लडिंग देखकर रेप की आशंका जताई। इसके बाद जिला अस्पताल रेफर किया, शाम 6 बजे के करीब जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज शुरु किया। देर रात 12 बजे के करीब बालिका ने दम तोड दिया।
पुलिस से कहा था- मुझे 4 लोगों ने जहर पिलाया।
इधर, 17 वर्षीय बालिका ने पुलिस बयान में कहा था कि, मुझे 4 लोगों ने मिलकर घर से उठाया और पास के खेत में ले जाकर जहर पिलाया। दुष्कर्म जैसी घटना से इंकार कर दिया। वहीं महिला डॉक्टर ने भी पुलिस को बताया कि प्राइवेट पार्ट में ब्लडिंग की वजह बालिका का पीरियड्स में होना है। उधर, परिवार की थ्योरी अलग थी, पिता ने पुलिस को बताया कि बालिका शनिवार की रात से गायब थी। परिवार के अन्य सदस्य कुछ ओर कहानी बता रहे है। अब पुलिस ने बालिका के बयान के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। खंडवा एसपी विवेकसिंह के अनुसार, इस मामले में जांच की जा रही है।






























