चीराखदान मल्टी का संजू बामने हत्याकांड, कोर्ट की टिप्पणी- पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते पर कलंक
खंडवा@टीम भारतीय न्यूज़
पति को मौत के घाट उतारने वाली पत्नी और उसके प्रेमी जीजा को कोर्ट ने शुक्रवार फैसला सुनाते उम्र कैद की सजा दी है। अवैध संबंध को लेकर पत्नी और उसके प्रेमी ने डेढ़ साल पहले युवक पर घर के अंदर तब तक पत्थर और धारदार हथियार से हमला करते रहे, जब तक कि उसकी सांसें नहीं टूट गईं। कोर्ट ने इसे जघन्य अपराध मानते हुए टिप्पणी भी दी कि यह समाज पर कुठाराघात पहुंचता है। सर्वधर्म समभाव के भारतीय मूल सिद्धांत को भी ठेस पहुंचती है। पति-पत्नी का पवित्र रिश्ता कलंकित होता है।
शुक्रवार को संजय बामने हत्याकांड में कोर्ट का फैसला था। विशेष न्यायाधीश अत्याचार निवारण अधिनियम प्रकाश चंद्र आर्य की कोर्ट ने आरोपी शबाना पति संजय उर्फ संजू बामने (32) निवासी चीराखदान मल्टी व उसके प्रेमी जीजा हकीम पिता मोला बख्श (45) निवासी बांगरदा (खरगोन) को दोषी मानते हुए उम्र कैद की सजा व दस हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया। केस की पैरवी उपसंचालक अभियोजन एमएल सोलंकी ने की। सहायक मीडिया सेल प्रभारी एडीपीओ प्रीति मीना ने बताया कि 29 जून 2021 की सुबह संजय पिता तुलसीराम बामने का शव चौराखदान तालाब में पड़ा मिला था। उसके सिर चेहरे गले और शरीर के अन्य हिस्सों में पत्थर व धारदार हथियार से चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने हत्या में केस दर्ज कर जांच शुरू की। भाई प्रदीप ने बताया था कि संजय शबाना के साथ चीराखदान मल्टी में ही रहता था। संजय और शबाना के बीच रात को विवाद भी हुआ था। शक के बिनाह पर पुलिस ने शबाना से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई। उसके बाद उसने हत्या की पूरी कहानी बयां की।
*पत्नी ने रची थी हत्या की कहानी, प्रेमी जीजा ने दिया अंजाम*
एडीपीओ ने बताया कि शबाना की पहली शादी महेश्वर में हुई थी। उसकी एक बेटी व दो बेटे है। पति की मौत के बाद उसने संजय से शादी कर ली। दोनों साथ रहने लगे। इस बीच शबाना के जीजा हकीम के बीच अवैध संबंध बन गए। इन्हीं बातों पर इनके बीच विवाद होने लगे। घटना से एक दिन पहले रात 10 बजे भी शबाना व संजय के बीच झगड़ा हुआ था।
रात 1 बजे संजय घर लौट आया और सो गया। शबाना के इशारे पर हकीम उसके घर पहुंचा। फिर दोनों ने सोते हुए संजय के सिर पर सिलबट्टे और वहां रखे बड़े पत्थर से ताबड़तोड़ हमला किया। इतने हमले के बाद भी जब संजय जिंदा दिखाई दिया तो हकीम गला दबाकर उसे मारा। फिर कंधे पर लाश उठाकर तालाब में फेंक दी। कोतवाली पुलिस ने शबाना व हकीम दोनों को गिरफ्तार कर केस की चालान डायरी कोर्ट में पेश की।






























