प्रातः श्रीजी के अभिषेक और शांतिधारा के बाद हुआ पाठ का शुभारंभ, शाम को 48 दीपकों से महाअनुष्ठान, भव्य आरती और सामाजिक गरबा सहित होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम..
धार@साबिर खान fm
शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर धार स्थित मानतुंगगिरि तीर्थ क्षेत्र में सोमवार को गुरु मां चंद्रमती माताजी के मंगल सानिध्य में शरद पूर्णिमा महा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रातः श्रीजी के अभिषेक एवं शांतिधारा के पश्चात सुबह 7:30 बजे से 12 घंटे के भक्तामर पाठ का शुभारंभ हुआ। महोत्सव के अंतर्गत दिनभर धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, वहीं शाम को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का विशेष आयोजन होगा।
अभिषेक और शांतिधारा के बाद भक्तामर पाठ प्रारंभ..
महोत्सव की शुरुआत सुबह 6:30 बजे श्रीजी के अभिषेक और शांतिधारा के साथ हुई। इसके पश्चात सुबह 7:30 बजे भक्तामर पाठ की स्थापना कर 12 घंटे के पाठ का शुभारंभ किया गया। गुरु मां चंद्रमती माताजी के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालु धर्मलाभ ले रहे हैं।
मानतुंगगिरि तीर्थ क्षेत्र में शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजन के माध्यम से धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक साधना का संदेश दिया जा रहा है।
शाम को 48 दीपकों से महाअनुष्ठान और भव्य आरती..
महोत्सव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 7:30 बजे 12 घंटे के भक्तामर पाठ का समापन होगा। इसके बाद 48 दीपकों से महाअनुष्ठान और भव्य आरती की जाएगी। गुरु मां चंद्रमती माताजी के मंगल आशीर्वचन भी होंगे।
धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक गरबा कार्यक्रम भी रखा गया है। इसमें सहभागिता करने वालों के लिए विशेष पुरस्कार, सम्मान और प्रभावना की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं के लिए वाहन सुविधा..
आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुबह 8 बजे से धार के नरसिंह चौपाटी स्थित मंदिर जी से मानतुंगगिरि तीर्थ क्षेत्र तक आने-जाने के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। श्रद्धालुओं से सपरिवार तीर्थ क्षेत्र पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने और धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।
शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित यह महोत्सव धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक सहभागिता का भी अवसर प्रदान कर रहा है।






























