माय भारत (मेरा युवा भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद 2027’ (राष्ट्रीय युवा महोत्सव) के आयोजन को लेकर धार जिले में जिला स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को देश के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना और उनके विचारों, नवाचारों एवं प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर देना है।
धार@साबिर खान fm
जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने बताया कि इस पहल के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर से शुरू होने वाली चयन प्रक्रिया विभिन्न चरणों से होते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी। राष्ट्रीय स्तर का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में किया जाएगा, जहां चयनित युवा प्रधानमंत्री और देश के नीति-निर्माताओं के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
छह अलग-अलग ट्रैक में युवाओं को मिलेगा अवसर
‘विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद 2027’ के तहत युवाओं के लिए छह मुख्य ट्रैक निर्धारित किए गए हैं। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, युवा उद्यमी चैलेंज और युवा संसद (यूथ पार्लियामेंट) शामिल हैं।
सांस्कृतिक ट्रैक के माध्यम से युवाओं को लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता और काव्य लेखन जैसी गतिविधियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसके जरिए स्थानीय स्तर की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कई चरणों में होगा युवाओं का चयन
प्रतियोगिता के लिए युवाओं का चयन बहु-स्तरीय प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। इसमें डिजिटल क्विज चरण-I, निबंध लेखन चरण-II, जिला स्तरीय पीपीटी एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता चरण-III और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता चरण-IV शामिल हैं। इन चरणों में चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया में आगे बढ़ेंगे।
धार के युवा ऐसे करें पंजीयन
धार जिले में रहने वाले अथवा अध्ययनरत 15 से 29 वर्ष के पात्र युवा प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें mybharat.gov.in पोर्टल पर जाकर ‘Register Now’ विकल्प का चयन करना होगा। मोबाइल नंबर या ई-मेल के जरिए OTP सत्यापन के बाद आवश्यक जानकारी भरनी होगी और जिला विकल्प में Dhar का चयन करना होगा।
जो युवा पहले से माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण करने की आवश्यकता नहीं है।
जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने धार जिले के शिक्षण संस्थानों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रेस वार्ता में लेखा एवं कार्यक्रम सहायक किरन यादव भी उपस्थित रहीं।






























