धार में CM हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश..
धार@साबिर खान fm
सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। वहीं, बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने और निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने पर अधिकारियों के वेतन में कटौती के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश कुमार जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिन विभागों में 100 से अधिक शिकायतें लंबित हैं, उनके कारण जिले की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग प्रभावित हो रही है। सभी जिला अधिकारी प्रतिदिन सुबह और शाम शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करें और उनके निराकरण की प्रगति पर विशेष ध्यान दें।
बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश..
बैठक में उद्यानिकी विभाग के अधिकारी के बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं, जनजातीय कार्य विभाग को शनिवार तक कम से कम 50 लंबित शिकायतों का निराकरण करने का लक्ष्य दिया गया। निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन विभागों में 100 से अधिक शिकायतें लंबित हैं, वहां संतोषजनक निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व विभाग को शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के साथ निराकरण के निर्देश…
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान धार, सरदारपुर, बदनावर, पीथमपुर और नालछा सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को लंबित शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों को केवल फोर्स क्लोज करने के बजाय आवेदकों की संतुष्टि के साथ बंद कराया जाए। इसके लिए सभी तहसीलदारों को शनिवार तक लंबित शिकायतों में 25 प्रतिशत और सोमवार तक 40 प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया।
इसके साथ ही शीर्ष 10 शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई से संतुष्ट कराने के निर्देश दिए गए। सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि जिले में कुल लंबित शिकायतों की संख्या 500 से अधिक नहीं होनी चाहिए। नई प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी समय पर निराकरण किया जाए।
23 बंद नल-जल योजनाओं को तत्काल चालू करने के निर्देश…
पेयजल एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में बंद पड़ी 23 नल-जल योजनाओं का मामला सामने आया। कलेक्टर ने इन सभी योजनाओं की तत्काल मरम्मत कर दोबारा चालू करने के निर्देश दिए।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य के लिए प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है। इस पर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल से संबंधित किसी भी शिकायत का स्थल परीक्षण किए बिना निराकरण दर्ज नहीं किया जाए।
समग्र पोर्टल की समस्याओं के समाधान के लिए बनेगा कंट्रोल रूम…
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा के दौरान समग्र पोर्टल पर ई-केवाईसी नहीं हो पाने के कारण उत्पन्न शिकायतों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही इन शिकायतों की नियमित निगरानी और त्वरित निराकरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा।
खनिज और नर्मदा घाटी विकास विभाग को भी निर्देश…
खनिज विभाग को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शुरू होने से अब तक निराकृत शिकायतों का पूरा विवरण प्रस्तुत करने और शेष लंबित शिकायतों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, नर्मदा घाटी विकास विभाग में भू-अर्जन से संबंधित लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित प्रभारी अधिकारी को निर्देशित किया गया। इसके अलावा ऊर्जा, स्कूल शिक्षा और खाद्य विभाग की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे विभागवार कार्ययोजना तैयार कर शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से संतुष्ट करना सुनिश्चित करें।






























