छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना के तहत टांडा रोड तक नई रेल लाइन का काम पूरा, प्रधानमंत्री मोदी बड़ोदरा में करेंगे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का लोकार्पण..
धार@अमीन खान
धार लोकसभा क्षेत्र के आदिवासी अंचल के लिए रेल कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। आजादी के बाद पहली बार धार जिले के आदिवासी क्षेत्र में रेल सुविधा पहुंचने जा रही है। छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना के अंतर्गत टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक नई रेल लाइन का कार्य पूरा हो चुका है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर टांडा रोड रेलवे स्टेशन से बड़ोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद सावित्री ठाकुर को इस महत्वपूर्ण समारोह के लिए आमंत्रित किया है।
8 सितंबर को होगा ऐतिहासिक कार्यक्रम…
8 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ोदरा में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी अवसर पर टांडा रोड रेलवे स्टेशन से नई ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी।
इसके साथ ही डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार मालगाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।
संसद सावित्री ठाकुर वर्ष 2014 में पहली बार सांसद निर्वाचित होने के समय से ही धार लोकसभा क्षेत्र को रेल सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत रही हैं।
उनके द्वारा केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के समक्ष क्षेत्र की रेल आवश्यकताओं को उठाने तथा आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए रेल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दिलाने के प्रयासों का उल्लेख किया गया है।
अब टांडा रोड तक रेल लाइन का काम पूरा होने और नई ट्रेन सेवा शुरू होने को इन प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर प्रस्तुत किया गया है।
रेल कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी रफ्तार..
टांडा रोड तक रेल पहुंचना केवल यातायात सुविधा के विस्तार के तौर पर नहीं देखा जा रहा, बल्कि इससे क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विशेष रूप से आदिवासी अंचल के लोगों के लिए बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के दूसरे शहरों से संपर्क और आवागमन आसान होने की संभावना है।
धार रेलवे स्टेशन को लेकर भी बड़ा दावा..
सांसद सावित्री ठाकुर ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि धार लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों का वर्षों पुराना रेल का सपना अब साकार हो रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि शीघ्र ही टांडा रोड रेलवे स्टेशन से धार नगर के रेलवे स्टेशन का कार्य भी पूर्ण होगा।
बड़ोदरा–रतलाम 4-लेन रेल परियोजना की स्वीकृति और रेल, सड़क, परिवहन एवं राज्य सरकार की ₹35,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण से पश्चिमी मध्यप्रदेश और धार क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।






























