मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शासकीय बालिका गृह पहुंचकर बालिकाओं के साथ आत्मीयता और हर्षोल्लास के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान मंत्री ने बालिकाओं को फल एवं उपहार वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
भोपाल@टीम भारतीय न्यूज़
रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान मंत्री निर्मला भूरिया ने बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनकी शिक्षा, दैनिक व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। त्योहार के मौके पर बालिका गृह में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम के बाद मंत्री ने शासकीय बालिका गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिकाओं के रहन-सहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पुनर्वास से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
आंगनवाड़ी केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मंत्री सुश्री भूरिया ने क्षेत्र के एक शासकीय आंगनवाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, पोषण आहार वितरण और बच्चों के विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
लाड़ली बहनों से किया संवाद
मंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र पर मौजूद लाड़ली बहनों से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं से मिल रहे लाभ और उनकी प्रतिक्रियाओं के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान सहायक संचालक सहित शासकीय बालिका गृह और महिला एवं बाल विकास विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मंत्री के इस दौरे में बालिका गृह की व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण और लाड़ली बहनों से सीधा संवाद प्रमुख रहा।






























