कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत धार जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में एडवोकेट अजय डॉ. मनोहर सिंह ठाकुर को जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेताओं की अनुशंसा पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी द्वारा की गई है।
धार@अमीन खान
जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मंशा के अनुरूप संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने के लिए नियुक्तियों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में धार जिले में भी नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। कांग्रेस की ओर से इसे जिले के इतिहास की अब तक की सबसे छोटी कार्यकारिणी बताया गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रभारी ऊषा नायडू की अनुशंसा के आधार पर अनुभवी नेता और नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि एडवोकेट अजय डॉ. मनोहर सिंह ठाकुर को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। जिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ठाकुर को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी का आभार भी व्यक्त किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नई जिम्मेदारियों के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
उक्त जानकारी जिला कांग्रेस सूचना प्रकोष्ठ अध्यक्ष शरद चौरसिया द्वारा दी गई।






























