सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को रफ्तार | CM डॉ. मोहन यादव ने किया भूमि-पूजन | शिप्रा पर बनेंगे 35 किमी घाट..
उज्जैन@साबिर खान fm
सिंहस्थ-2028 को लेकर मध्यप्रदेश सरकार ने उज्जैन में विकास कार्यों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 19 अगस्त को उज्जैन की कालिदास अकादमी में आयोजित होमगार्ड, आपदा मित्र एवं सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स प्रशिक्षण समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उज्जैन के लिए 945.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 5.30 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक यह कॉरिडोर सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ महाकाल मंदिर तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत..
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के भव्य आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में धार्मिक पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और इसके साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि उज्जैन में यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक से कई बड़े प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे हैं। एलिवेटेड कॉरिडोर भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है।
इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन का काम 80 प्रतिशत पूरा..
मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन हाइवे का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा उज्जैन और इंदौर में मल्टी एलिवेटेड कॉरिडोर सहित अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं पर भी काम जारी है।
उन्होंने कहा कि उज्जैन में आवश्यकता के अनुसार रेलवे और नदियों पर भी ब्रिज तैयार किए जा रहे हैं, ताकि सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
नागपंचमी पर बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन को बधाई..
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नागपंचमी पर्व पर श्रद्धालुओं के प्रबंधन और व्यवस्थाओं के लिए उज्जैन प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के बावजूद प्रशासन ने बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
उन्होंने सिंहस्थ-2016 की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि उस समय भी रामघाट सहित अन्य क्षेत्रों में सुविधाओं को बढ़ाया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से दुनिया के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल होगा और इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
शिप्रा नदी पर बनेंगे 35 किलोमीटर लंबे घाट..
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शिप्रा नदी के घाटों को भी बड़े स्तर पर विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ-2016 में करीब 7 किलोमीटर के घाट थे, जबकि आगामी सिंहस्थ में शिप्रा नदी पर लगभग 35 किलोमीटर के घाट तैयार किए जाएंगे।
इन घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान की व्यवस्था की जाएगी। इससे सिंहस्थ के दौरान भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा में मदद मिलेगी।
उज्जैन में बन रहा स्नेक पार्क, 300 सर्प मित्रों को प्रशिक्षण..
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में सर्पदंश और मानव-सर्प संघर्ष से बचाव के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उज्जैन में करीब 300 सर्प मित्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रयास किया जा रहा है कि प्रत्येक पंचायत और थाना स्तर पर कम से कम एक प्रशिक्षित सर्प मित्र उपलब्ध हो, जो आवासीय क्षेत्रों में निकलने वाले सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन में स्नेक पार्क का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसका लोकार्पण जल्द किया जाएगा। उनका कहना था कि प्रयास यह है कि मनुष्य और सर्प दोनों सुरक्षित रहें।
होमगार्ड और आपदा मित्रों को बताया ‘सच्चा नायक’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होमगार्ड जवानों, आपदा मित्रों और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा या संकट की स्थिति में लोगों की जान-माल की रक्षा करने की जिम्मेदारी इन पर होती है।
उन्होंने कहा कि होमगार्ड, आपदा मित्र और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स संकट मोचक और सच्चे नायक हैं। सिंहस्थ-2028 जैसे बड़े आयोजन में इनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
उज्जैन में 1100 आपदा मित्रों का पंजीयन..
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड संतोष कुमार जाट ने बताया कि उज्जैन में अब तक 1,100 आपदा मित्रों का पंजीयन हो चुका है, जबकि कुल 10 हजार आपदा मित्रों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी तरह उज्जैन में अब तक 4 हजार सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स का पंजीयन किया जा चुका है और कुल 10 हजार वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।
प्रशिक्षण के दौरान होमगार्ड और एसडीआरएफ के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा बोट हैंडलिंग, अंडरवॉटर डिजास्टर और आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सिंहस्थ-2028 के लिए व्यापक तैयारी..
कार्यक्रम में केंद्र सरकार से आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त हेमलता ने अपने अनुभव साझा किए। उन्हें इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित एट होम रिसेप्शन के लिए भी आमंत्रित किया गया था।
कुल मिलाकर उज्जैन में एलिवेटेड कॉरिडोर, सिक्स लेन हाइवे, शिप्रा के विस्तारित घाट, ब्रिज और आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रशिक्षण जैसे प्रोजेक्ट सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को नई गति देने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं।






























