विभाजन विभीषिका दिवस पर शौर्य स्मारक में कार्यक्रम | डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ, तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी..
भोपाल@साबिर खान fm
विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के शौर्य स्मारक में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और देश के विभाजन के दौरान हुई त्रासदी एवं पीड़ा को याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शौर्य स्मारक में नवनिर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ भी किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम और देश के गौरवशाली इतिहास से संबंधित डिजिटल सामग्री, लाइब्रेरी तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर जानकारी ली।
🇮🇳 शौर्य स्मारक से तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी..
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की विशाल तिरंगा यात्रा को शौर्य स्मारक तिराहे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह तिरंगा यात्रा भारत माता चौराहा, डिपो चौराहा तक जाएगी।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्र गौरव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान देशभर में राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का उत्सव बन गया है।
विभाजन की पीड़ा को याद कर बोले CM—आज भी व्यथित होता है मन..
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर-बार छोड़कर भारत और पाकिस्तान की ओर पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उस दौर की पीड़ा और कठिन परिस्थितियों को याद करने पर आज भी मन व्यथित हो जाता है।
उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका दिवस उस दर्दनाक दौर को याद करने और उससे सीख लेने का अवसर है। इतिहास की इस त्रासदी से सीख लेकर देश में एकता, भाईचारे और अखंड राष्ट्रीय भावना को और मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विभाजन के दौरान अपना सर्वस्व त्याग करने वाले लोगों और देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले सेनानियों को नमन किया।
‘कांग्रेस सत्य नहीं जानती तो सत्याग्रह क्या करेगी’
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस सत्य नहीं जानती तो सत्याग्रह क्या करेगी।” उन्होंने कांग्रेस पर झूठ की पराकाष्ठा का आरोप लगाते हुए आत्ममूल्यांकन करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के विभाजन की त्रासदी बेहद पीड़ादायक थी। उन्होंने कहा कि उस समय यदि कांग्रेस और अंग्रेज चाहते तो बंटवारा टाला जा सकता था।
🇮🇳 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प..
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश को आजाद कराने में स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान अतुलनीय है। आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और हमारा लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बने।
उन्होंने कहा कि भारत अपनी धाक और साख के साथ निरंतर आगे बढ़े तथा विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बनाए, यही सभी का संकल्प होना चाहिए।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान से देशभक्ति का संदेश..
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के हर राज्य, हर नगर और हर जिले में तिरंगा शान से लहरा रहा है। तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी की भावना को मजबूत कर रहे हैं।
तेजी से आगे बढ़ रहा भारत..
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और युवा देश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के ध्येय के साथ देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद तत्कालीन पाकिस्तान में रहने वाले भारतीय संस्कृति को मानने वाले अनेक लोगों को अपना सबकुछ छोड़कर भारत लौटना पड़ा। भारत आने के दौरान भी उन्हें अनेक कठिनाइयों और पीड़ा का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।






























