भारतीय किसान संघ विकासखंड तिरला के कार्यकर्ताओं और किसानों ने धार्मिक आस्था के साथ महेश्वर से धार स्थित प्राचीन श्री धरेश्वर महादेव मंदिर तक धार्मिक यात्रा निकाली। खरमपुरा, आकोदा सहित विभिन्न ग्राम समितियों के सदस्य इस यात्रा में शामिल हुए..
धार@साबिर खान fm
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के तट पर विधिवत पूजन-अर्चन किया और पवित्र जल लेकर धार के धरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां भगवान भोलेनाथ का मां नर्मदा के जल से जलाभिषेक किया गया।
अच्छी बारिश और फसल के लिए की प्रार्थना..
अभिषेक के दौरान किसानों और कार्यकर्ताओं ने भगवान धरेश्वर महादेव से क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा, अच्छी फसल और किसान परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की। किसानों ने प्रार्थना की कि खेतों में हरियाली आए, फसलों की पैदावार अच्छी हो और किसानों को उनकी मेहनत का उचित फल मिले।
किसानों की एकता और समरसता का संदेश..
भारतीय किसान संघ के सदस्यों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में खेती, किसान और प्रकृति का विशेष महत्व है। किसान पूरे समाज के लिए अन्न का उत्पादन करता है। ऐसे में किसानों की खुशहाली और अच्छी फसल के लिए धार्मिक आस्था के साथ भगवान से प्रार्थना करना हमारी परंपरा का हिस्सा है।
इस धार्मिक यात्रा के माध्यम से किसानों में एकता, सामाजिक समरसता और धार्मिक भावना का संदेश भी दिया गया। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और किसान परिवारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यात्रा में भारतीय किसान संघ विकासखंड तिरला के खरमपुरा, आकोदा सहित अन्य ग्राम समितियों के किसान एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता कर मां नर्मदा और भगवान धरेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।






























