पीएम मोदी ने लॉन्च किया ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान, भोपाल के मैनिट से सीएम ने युवाओं को दिलाया नशा छोड़ने का संकल्प…
भोपाल@साबिर खान fm
देशभर में युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” राष्ट्रीय संकल्प अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया। इसी क्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) में आयोजित कार्यक्रम में हजारों युवाओं और नागरिकों को नशामुक्त भारत का संकल्प दिलाया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा लोकतांत्रिक देश है और विकसित भारत के निर्माण की पहली शर्त नशामुक्त समाज है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को देश निर्माण में लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है।
‘नशा किसी एक विभाग नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति का अभियान केवल पुलिस या किसी सरकारी विभाग का दायित्व नहीं है, बल्कि इसमें पूरे समाज की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गांव, गली, मोहल्ले और हर परिवार तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना होगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।
दो भाइयों की घटना सुनाकर किया भावुक
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हाल ही की एक दर्दनाक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि नशे की वजह से दो भाइयों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने कहा कि यह घटना बताती है कि नशा इंसान की सोच, रिश्ते और पूरा परिवार तबाह कर देता है।
सरकार की कार्रवाई का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नशे के खिलाफ लगातार कठोर कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के 19 धार्मिक स्थलों पर शराबबंदी लागू की गई है और पुलिस द्वारा पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पहले जहां पान-बीड़ी की दुकानें अधिक दिखाई देती थीं, वहीं अब नए प्रकार के नशे तेजी से फैल रहे हैं, जिन पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।
2029 तक नशामुक्त भारत का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत ने वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत बनाने का लक्ष्य तय किया है। जिस तरह प्रदेश में नक्सलवाद और डकैतों के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली, उसी तरह अब नशे के नेटवर्क को भी समाप्त करना होगा।
लोगों को दिलाई यह शपथ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से संकल्प दिलवाया कि वे किसी भी प्रकार के नशीले या मादक पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे तथा परिवार, मित्रों और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं और नशामुक्त समाज ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव बनेगा।”






























