मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर को विकास की कई बड़ी सौगातें देते हुए करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ किया। उन्होंने 362.31 करोड़ रुपए की लागत से तैयार ‘अमृत 1.0’ सीवेज परियोजना का शुभारंभ किया, साथ ही कठौंदा, ललपुर और तेवर में बने तीन आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) राष्ट्र को समर्पित किए।
जबलपुर@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री ने सिविल लाइन में आधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न लॉन्ड्री, गुरंदी में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बने नए मत्स्य बाजार का लोकार्पण किया तथा पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड वितरित किए। उन्होंने जबलपुर में फर्नीचर क्लस्टर स्थापित करने और सांदीपनि विद्यालय की स्थापना की घोषणा भी की। इस अवसर पर ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत 11 लाख पौधरोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब, किसान और छोटे व्यापारियों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि पेड़ ऋषि-मुनियों के समान हैं, जो हमें स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन देते हैं। मियावाकी पद्धति से कम समय में घने जंगल विकसित किए जा सकते हैं और यही भविष्य की पर्यावरणीय आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आधुनिक शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई, सड़क, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार बड़े निवेश किए जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर को मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही मदन महल क्षेत्र में आधुनिक चिड़ियाघर विकसित करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और वन्यजीव संरक्षण को नई गति देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार सृजन के माध्यम से जबलपुर को नई पहचान दिलाई जाएगी।






























