मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल को औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सतगढ़ी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का भूमि-पूजन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, अन्नदाता, युवा और नारी के कल्याण को केंद्र में रखकर विकास की नई इबारत लिख रही है।
भोपाल@साबिर खान fm
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व स्तर पर नई पहचान बना रहा है और मध्यप्रदेश भी उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतगढ़ी में बनने वाला यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भोपाल की नई औद्योगिक पहचान बनेगा और प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि गारमेंट उद्योग से कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और सरकार खेत से उद्योग तथा उद्योग से बाजार तक मजबूत व्यवस्था तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि शिवपुरी में हाल ही में 2,500 करोड़ रुपये की डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग परियोजना, मुरैना में सोलर सेक्टर और गुना में सीमेंट प्लांट जैसे बड़े निवेश प्रदेश की औद्योगिक तस्वीर बदल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 के दौरान प्राप्त 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में ही 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही सरकार महिलाओं को रोजगार आधारित उद्योगों से जोड़ने के लिए विशेष प्रोत्साहन भी दे रही है।
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग के लिए कानून समान होना चाहिए और मध्यप्रदेश इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों से सुझाव लेकर प्रक्रिया पूरी की गई है। वहीं प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 70 हेक्टेयर में विकसित होने वाला यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है, जहां से राष्ट्रीय राजमार्ग, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक बेहतर संपर्क उपलब्ध होगा।
सरकार का दावा है कि स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और कन्वेंशन सेंटर से भोपाल को नई औद्योगिक पहचान मिलेगी, हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे और मध्यप्रदेश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाएगा।






























