मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले को 5 जुलाई को बड़ी औद्योगिक सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां अडानी समूह के लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाले अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे..
भोपाल@साबिर खान fm
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिवपुरी में प्रस्तावित डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखेंगे। राज्य सरकार के अनुसार, यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 211 करोड़ 29 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
सरकार का कहना है कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू होने से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के अलावा छोटे और मध्यम उद्योगों यानी एमएसएमई को रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
सरकार का मानना है कि यह परियोजना शिवपुरी और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।






























